केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत एक नई पहल की घोषणा की है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जनगणना प्रक्रिया से जुड़े चार डिजिटल टूल्स का सॉफ्ट लॉन्च किया और साथ ही दो आधिकारिक शुभंकर “प्रगति” (महिला) और “विकास” (पुरुष) को प्रस्तुत किया।
सरकारी जानकारी के अनुसार इन शुभंकरों को जनगणना से जुड़े प्रगणकों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इन्हें सरल और सहज रूप में डिजाइन किया गया है ताकि आम लोगों तक जनगणना से संबंधित जानकारी और संदेश आसानी से पहुंच सके।
अधिकारियों का कहना है कि प्रगति और विकास देश के विकास में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी को दर्शाते हैं। इन शुभंकरों के माध्यम से जनगणना से जुड़े उद्देश्यों और प्रक्रियाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक जन-अनुकूल तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि डिजिटल टूल्स के उपयोग से जनगणना की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही, इन पहल के माध्यम से नागरिकों तक जनगणना से संबंधित जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।












