जनपद चंदौली में आज माननीय मुख्य न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालय न्यायमूर्ति श्री सूर्यकान्त द्वारा एकीकृत न्यायालय परिसर की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम के माध्यम से चंदौली सहित प्रदेश के कुल छह जनपदों — महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस एवं औरैया — में प्रस्तावित एकीकृत न्यायालय परिसरों के शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के सशक्तीकरण के लिए यह आवश्यक है कि न्यायपालिका भी उतनी ही सशक्त हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के पास न्यायिक व्यवस्था से जुड़े जो भी कार्य आते हैं, उन्हें पूरा करने में किसी प्रकार की देरी नहीं की जाती।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दिशा में पूर्व में माननीय श्री बिंदल जी द्वारा सकारात्मक सहयोग दिया गया और उत्तर प्रदेश सरकार ने एक साथ उन सभी 10 जनपदों में एकीकृत न्यायालय परिसरों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। पहले चरण में छह जनपदों, जिनमें चंदौली भी शामिल है, के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और आवश्यक सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिलान्यास कार्यक्रम के बाद अब इन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। चंदौली में यह कार्य एल एंड टी (L&T) जैसी विश्वविख्यात संस्थाओं द्वारा आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रस्तावित एकीकृत न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, न्यायिक अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाएं, साथ ही खेलकूद से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश एवं उपस्थित सभी माननीय न्यायमूर्तिगण का अभिनंदन किया तथा अधिवक्ता बंधुओं को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।














