रायबरेली जनपद के बछरावां कस्बे में रविवार को हिंदू सम्मेलन एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रीमानस गीता स्वाध्याय मंडल स्थल, निकट दरगाह धर्मशाला, सब्जी मंडी, बछरावां में संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य समाज में आपसी बंधुता, सहयोग और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना रहा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं हिंदू परिवारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान समाज में आपसी प्रेम, सहयोग, समानता और स्वाभिमान बनाए रखने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता को समाज की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
आयोजन में यह भी कहा गया कि समाज के सभी वर्गों को आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
समरसता भोज के दौरान सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समानता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बछरावां राम जी, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष परवेश वर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रतिनिधि अजीत सिंह, बजरंग दल के जिला सह संयोजक राजू रावत सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












