केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) फरवरी 2026 का आयोजन 7 और 8 फरवरी को दो पालियों में किया जा रहा है। शनिवार को प्रथम पाली का पेपर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले।
इस बार CTET के Paper-II में विज्ञान (Physics) से जुड़ा एक सवाल अभ्यर्थियों का ध्यान खींच। प्रश्न में यांत्रिक ऊर्जा, संवेग और कार्य (Work) से जुड़े दो कथन दिए गए थे, जिनके आधार पर सही विकल्प चुनना था।
प्रश्न
निम्नलिखित कथनों को पढ़िए :
कथन 1: किसी पिंड की अशून्य (शून्य से भिन्न) यांत्रिक ऊर्जा हो सकती है, किंतु शून्य संवेग हो सकता है।
कथन 2: कोई पिंड शून्य कार्य कर सकता है, तब भी अगर पिंड पर लगाया गया बल अशून्य है।
सही विकल्प चुनिए :
- (1) कथन 1 सत्य है किंतु कथन 2 असत्य है
- (2) कथन 1 असत्य है किंतु कथन 2 सत्य है
- (3) कथन 1 और 2 दोनों सत्य हैं
- (4) कथन 1 और 2 दोनों असत्य हैं
विशेषज्ञों के अनुसार समाधान
कथन 1: यदि कोई वस्तु किसी ऊँचाई पर स्थिर है, तो उसका वेग शून्य होगा और संवेग भी शून्य होगा, लेकिन ऊँचाई के कारण उसमें स्थितिज ऊर्जा होगी, यानी यांत्रिक ऊर्जा शून्य नहीं होगी। इसलिए कथन 1 सत्य है।
कथन 2: कार्य = बल × विस्थापन। यदि बल लगाया जा रहा है लेकिन विस्थापन शून्य है (जैसे दीवार को धक्का देना), तो किया गया कार्य शून्य होगा, जबकि बल अशून्य रहेगा। इसलिए कथन 2 भी सत्य है।
निष्कर्ष: दोनों कथन सही हैं। सही उत्तर है — विकल्प (3): कथन 1 और 2 दोनों सत्य हैं।
कुल मिलाकर, हमेशा की तरह सीटेट का पेपर कॉन्सेप्ट आधारित रहा और कई प्रश्नों ने उम्मीदवारों की समझ की वास्तविक परीक्षा ली।












