प्रधानमंत्री ने ‘सेवा तीर्थ’ का किया उद्घाटन, एकीकृत होंगे PMO, कैबिनेट सचिवालय और NSA कार्यालय

नई दिल्ली | 13 फ़रवरी 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन-1 व 2’ का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में नए प्रशासनिक परिसर ‘सेवा तीर्थ’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इस परिसर के शुरू होने के साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSA) और कैबिनेट सचिवालय एक ही आधुनिक और एकीकृत कार्यालय परिसर से कार्य करेंगे।

लंबे समय तक देश के महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसलों का केंद्र रहा साउथ ब्लॉक अब इतिहास का हिस्सा बनने जा रहा है। नए ‘सेवा तीर्थ’ परिसर को आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया गया है, जहां विभिन्न शीर्ष सरकारी संस्थाएं एक ही स्थान पर समन्वित रूप से काम करेंगी।

यह परिसर हाई-स्पीड इंटरनेट, पेपरलेस कार्य-संस्कृति, डिजिटल अभिलेखागार और अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस कक्षों जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। अधिकारियों के अनुसार, इससे निर्णय प्रक्रिया में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘सेवा तीर्थ’ परिसर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित किया। इसके साथ ही ‘कर्तव्य भवन-1 और 2’ का भी उद्घाटन किया गया, जहां वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय सहित कई प्रमुख मंत्रालयों के कार्यालय स्थित होंगे।

प्रशासनिक ढांचे में इस बदलाव को सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक, कुशल और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top