लखनऊ | 2 फरवरी 2026
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर इस्तेमाल कर रहे उपभोक्ताओं के लिए अहम खबर है। बिजली विभाग ने उन उपभोक्ताओं को लेकर विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है, जिनके स्मार्ट मीटर का बैलेंस निगेटिव (माइनस) में चल रहा है।
बिजली विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक लगभग 54 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 44 लाख उपभोक्ताओं का मीटर बैलेंस शून्य से नीचे चला गया है। इसका सीधा असर बिजली आपूर्ति व्यवस्था और विभाग की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।
इसी को देखते हुए 2 फरवरी 2026 से 7 फरवरी 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क कर उन्हें समय पर रिचार्ज करने, सही मोबाइल नंबर अपडेट कराने और UPPCL स्मार्ट ऐप इंस्टॉल करने की जानकारी देंगे।
अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि अगर स्मार्ट मीटर का बैलेंस लंबे समय तक निगेटिव रहता है और रिचार्ज नहीं किया जाता, तो भविष्य में बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था में उपभोक्ताओं को अपनी खपत पर खुद नियंत्रण रखने का मौका मिलता है, लेकिन इसके लिए समय-समय पर रिचार्ज कराना जरूरी है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते रिचार्ज करें और किसी भी असुविधा से बचें।
यह विशेष अभियान 15 फरवरी 2026 तक अलग-अलग स्तर पर जागरूकता के माध्यम से पूरा किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर प्रणाली की सही जानकारी मिल सके।
UPPCL Smart App से बिजली खर्च, रिचार्ज और भुगतान की सुविधा
इसी क्रम में बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को UPPCL Smart App के उपयोग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। यह ऐप स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत और भुगतान से जुड़ी जानकारी घर बैठे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उक्त ऐप से उपभोक्ता निम्न सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।
1. उपभोक्ता अपने मीटर की रीडिंग, डिमांड और बिजली की खपत से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं।
2. ऐप के माध्यम से अपने बकाया बिल देखे जा सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है।
3. कनेक्शन का लोड घटाने या बढ़ाने अथवा अन्य किसी प्रक्रिया के लिए घर बैठे आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है।
UPPCL Smart App को डाउनलोड करने के लिए उपभोक्ताओं को अपने स्मार्ट फोन में Google Play Store पर जाकर UPPCL Smart App को इंस्टॉल कर Sign Up करना होगा।
Sign Up के समय रजिस्ट्रेशन के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर OTP प्राप्त होगा, इसलिए सही और चालू मोबाइल नंबर दर्ज करना आवश्यक बताया गया है।
Sign Up के बाद उपभोक्ता ऐप को Explore कर सकते हैं और घर बैठे आसानी से अपनी बिजली खपत की निगरानी कर सकते हैं।
ऐप के जरिए पोस्टपेड अथवा प्रीपेड रिचार्ज कर अपनी बिजली खपत की दैनिक निगरानी भी की जा सकती है।
बिल भुगतान के लिए Pay Now विकल्प पर क्लिक कर अपने संयोजन की Account ID दर्ज कर ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। इसके अलावा विभागीय कैश काउंटर पर जाकर भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
विभाग के अनुसार Negative Balance का अर्थ उस धनराशि से है, जितनी बिजली उपभोक्ता वर्तमान तिथि तक उपयोग कर चुका है, लेकिन उसका भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे निगेटिव बैलेंस के साथ-साथ आगामी एक माह के अनुमानित बिजली बिल के बराबर राशि का भुगतान करें। इस पर विभाग द्वारा 2 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाती है।
बिजली आपूर्ति के अस्थायी विच्छेदन से बचने के लिए उपभोक्ताओं को अपना Current Balance पॉजिटिव बनाए रखने की सलाह दी गई है।












