TGT परीक्षा 2025: नकल पर आजीवन कारावास तक का प्रावधान, UPPSC ने जारी की सख्त चेतावनी।

प्रयागराज | 16 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा TGT परीक्षा 2025 को लेकर जारी आधिकारिक सूचना
TGT परीक्षा 2025 की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए UPPSC की आधिकारिक सूचना

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (TGT) परीक्षा–2025 को लेकर आधिकारिक सूचना जारी की है। आयोग के अनुसार यह परीक्षा 17, 18, 24 और 25 जनवरी 2026 को विभिन्न विषयों में आयोजित की जाएगी।

आयोग ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम–2024 प्रभावी है। इस अधिनियम के तहत परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग, नकल करना या करवाना, प्रश्नपत्र का लीक या प्रसारण, पेपर छापना अथवा छपवाना और पेपर लीक से जुड़ी साजिश गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं।

सूचना के अनुसार ऐसे मामलों में दोष सिद्ध होने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना, आजीवन कारावास या दोनों सजाएं एक साथ भी दी जा सकती हैं।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेटल डिटेक्टर, लाइव CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और विशेष निगरानी दल तैनात किए गए हैं।

आयोग ने दिसंबर 2025 में आयोजित TGT परीक्षा का हवाला देते हुए बताया कि 06 और 07 दिसंबर 2025 को हुई परीक्षा में चार अभ्यर्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया था। जांच के दौरान उनके द्वारा परीक्षा नियमों और कानून के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

इन मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, संबंधित परीक्षाएं निरस्त की गईं और 17 दिसंबर 2025 से उन अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सभी परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं से स्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिबंध से जुड़े आदेश की प्रतिलिपि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और अन्य राज्य लोक सेवा आयोगों को भी भेजी गई है, ताकि प्रतिबंध का प्रभाव सभी चयन संस्थाओं में लागू रहे।

अंत में आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे भविष्य की परीक्षाओं में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग न करें। ऐसा पाए जाने पर अधिनियम–2024 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह सूचना परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पाण्डेय द्वारा जारी की गई है।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top