उत्तर प्रदेश दिवस 2026: लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से विभूतियां सम्मानित

लखनऊ | 25 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 पर लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित सम्मान समारोह
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ समारोह

24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान–2026 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अंतरिक्ष, शिक्षा, साहित्य, कृषि और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया। अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल, शिक्षा, उद्यमिता एवं स्वावलंबन के लिए अलख पाण्डेय, शिक्षा एवं नवाचार के लिए सुश्री रश्मि आर्य, साहित्य के लिए डॉ. हरिओम पंवार तथा कृषि क्षेत्र में योगदान हेतु डॉ. सुधांशु सिंह को सम्मानित किया गया।

“यूपी सरकार के सहयोग से हमें ऑनलाइन शिक्षा से जुड़ी किसी भी चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा।”

सम्मान प्राप्त करने के बाद फिजिक्स वाला के संस्थापक एवं सीईओ अलख पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर किए गए प्रयासों से ऑनलाइन शिक्षा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने में सहायता मिली है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जौनपुर के डॉ. दिनेश चंद्र, आजमगढ़ के श्री रवींद्र कुमार, हरदोई के श्री अनुनय झा, अंबेडकरनगर के श्री अनुपम शुक्ल तथा झांसी के श्री मृदुल चौधरी शामिल रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रतिभाओं और नवाचार को सम्मानित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top