केंद्र सरकार ने किसानों के लिए सल्फर युक्त खाद को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) खाद की कीमत तय कर दी गई है, जिससे अब बाजार में सल्फर वाली खाद की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
अधिसूचना के अनुसार 40 किलोग्राम वजन वाले SSP बैग का अधिकतम खुदरा मूल्य ₹254 निर्धारित किया गया है। इससे अधिक कीमत पर खाद की बिक्री नियमों के विरुद्ध मानी जाएगी। यह व्यवस्था देशभर में लागू होगी और सभी विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य का पालन करना अनिवार्य होगा।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार SSP एक प्रभावी सल्फर युक्त उर्वरक है, जो फसलों में प्रोटीन और तेल निर्माण की प्रक्रिया को बेहतर बनाता है। इससे पौधों की जड़ें मजबूत होती हैं, दानों का भराव सुधरता है और कुल उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
यह खाद विशेष रूप से गेहूं, सरसों, दलहन, तिलहन और आलू जैसी फसलों के लिए उपयोगी मानी जाती है। कई क्षेत्रों में मिट्टी में सल्फ्यूर की कमी देखी जा रही थी, जिसे पूरा करने में SSP खाद सहायक मानी जा रही है।
सरकार के इस निर्णय से किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सल्फ्यूर युक्त खाद मिलने की संभावना बढ़ी है, जिससे खेती की लागत नियंत्रण में रहने और उत्पादन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

