रायबरेली में बिजली तार चोरी करने वाला गैंग पकड़ा, पांच शातिर गिरफ्तार

रायबरेली | 19 मार्च 2026
रायबरेली में पुलिस द्वारा पकड़े गए बिजली तार चोरी गैंग के आरोपी और बरामद तार
पुलिस ने बिजली तार चोरी में शामिल गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया

जनपद रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में हो रही बिजली तार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग एक कुंतल 12 किलोग्राम एल्युमिनियम तार तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह और उनकी टीम ने गणेशगंज क्षेत्र से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के किरण हाल में क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार द्वारा किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनसान स्थानों पर लगे बिजली तारों की पहले रेकी करता था और फिर रात के समय सक्रिय होकर चालू लाइन को शॉर्ट कर तार काट लेता था। चोरी किए गए तारों को लखनऊ में कबाड़ी व्यापारियों को बेचकर आपस में धनराशि का बंटवारा किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में अयोध्या जनपद के मवई क्षेत्र में भी इसी प्रकार की चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सूरज, अमित, पुष्पेंद्र, विनीत कश्यप और सलीम शामिल हैं, जो विभिन्न जनपदों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सूरज पर पहले से चार तथा सलीम पर आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली तार चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण की संभावना जताई जा रही है।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top