HPCL ने दी स्पष्ट जानकारी: देश में पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कोई कमी नहीं, सप्लाई सामान्य
HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) ने अपने X के पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट किया है कि देशभर में पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कोई कमी नहीं है। कंपनी के अनुसार ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी पंपों पर निर्बाध रूप से उपलब्धता बनी हुई है।
कंपनी ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में ईंधन की मांग में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में देशभर में बिक्री में 15 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर यह बढ़ोतरी 50 प्रतिशत तक पहुंच गई। यह वृद्धि किसी वास्तविक कमी के कारण नहीं बल्कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के चलते हुई है।
HPCL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर ईंधन की अतिरिक्त खरीदारी न करें और सामान्य रूप से ही पेट्रोल एवं डीज़ल लें। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि उसके नेटवर्क के माध्यम से निरंतर और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इस बीच सरकार की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि देश में कच्चे तेल की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। भारत कई देशों से आयात कर रहा है और सभी रिफाइनरी पूर्ण क्षमता पर संचालित हो रही हैं। अगले कई सप्ताहों की आपूर्ति पहले से सुनिश्चित है।
एलपीजी के मामले में भी उत्पादन और आयात दोनों स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। रोजाना लाखों सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और मांग के अनुसार वितरण बनाए रखा जा रहा है। सरकार के अनुसार किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
साथ ही अधिकारियों ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो और पोस्ट भ्रामक हैं, जिनमें अन्य देशों की स्थितियों को भारत से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने भी अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और LPG का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। भारत के पास लगभग दो महीने तक का सुरक्षित स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
PIB ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर सीमित दिनों के स्टॉक संबंधी दावे भ्रामक हैं और देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति उपलब्ध है।










