255 वितरकों पर जुर्माना: सुजाता शर्मा बोलीं—घरेलू एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

नई दिल्ली | 17 अप्रैल 2026
प्रेस
सुजाता शर्मा, संयुक्त सचिव, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय

पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच घरेलू एलपीजी आपूर्ति को लेकर स्थिति सामान्य बनी हुई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी दी कि किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर गैस की कमी या Dry-Out की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि बीते दिन देशभर में लगभग 50 लाख से अधिक घरों तक एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की गई। ऑनलाइन बुकिंग का स्तर करीब 98 प्रतिशत रहा, जबकि प्रमाणीकरण कोड के साथ डिलीवरी लगभग 93 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे वितरण प्रणाली के सुचारु संचालन का संकेत मिलता है।

साथ ही, कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल की जा चुकी है। देशभर के पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और ईंधन की उपलब्धता पर कोई विशेष प्रभाव नहीं देखा गया है।

घरेलू एलपीजी और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है, नागरिक अफवाहों से बचें और घबराहट में खरीदारी न करें।

आपूर्ति व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई तेज की गई है। इस क्रम में 255 वितरकों पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि 65 वितरकों को निलंबित किया गया है। यह कदम वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सुजाता शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। साथ ही, अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण करने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से आपूर्ति मिलती रहे।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top