अलीगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि क्रिकेटर रिंकू सिंह ने कुछ समय पहले पुलिस को अवगत कराया था कि उनकी फेसबुक आईडी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर लिया गया है और उस आईडी से होने वाले मोनेटाइजेशन की राशि को गलत तरीके से डायवर्ट किया जा रहा है।
इस सूचना के आधार पर तत्काल प्रभाव से साइबर थाना में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना के तहत मेटा और फेसबुक से संबंधित डेटा रिकॉर्ड की मांग की गई है, ताकि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की जांच प्रक्रिया जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की विधिक रूप से समीक्षा की जा रही है।














