विद्यालय में चोरी का खुलासा: पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया
श्रावस्ती जिले के थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय गौड़रा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विद्यालय से स्मार्ट टीवी, प्रिंटर और बैट्री चोरी कर ली गई थी। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजपुर मोड़, भंगहा मार्ग पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के बाद अन्य दो आरोपियों को भी उनके घरों से गिरफ्तार किया गया।
प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयवेन्द्र कुमार उत्तम द्वारा की गई कार्रवाई में कुल चार आरोपियों—सत्यम वर्मा, धर्मेन्द्र वर्मा, संजीत वर्मा और पिन्टू—को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्मार्ट टीवी, एक प्रिंटर और दो बैटरियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई है।











