ईरान और इराक क्षेत्र में वर्तमान युद्ध एवं सुरक्षा-संघर्ष की स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने जनहित में एक अपील जारी की है। प्रशासन ने ऐसे सभी नागरिकों का विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जो वर्तमान में ईरान अथवा इराक में निवासरत, कार्यरत, यात्रा पर गए हुए, किसी कारणवश वहां फंसे हुए हैं अथवा हाल ही में वहां से भारत लौटे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा, आवश्यक सहायता, त्वरित संपर्क और समन्वय सुनिश्चित करना है, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार स्तर पर समयबद्ध कार्यवाही की जा सके। किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह जानकारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य, रिश्तेदार या परिचित ईरान या इराक में मौजूद है, तो उनका विवरण निर्धारित प्रारूप में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। संबंधित जानकारी तहसील कार्यालय, उप जिलाधिकारी कार्यालय अथवा जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित माध्यम से अविलंब उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार नागरिक निर्धारित प्रारूप में स्पष्ट विवरण अंकित कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। यह कदम शासन स्तर पर प्रभावी समन्वय और सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उक्त सूचना निम्न अधिकारियों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा सकती है — श्री सौरभ भटृ, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), गाजियाबाद (मोबाइल: 8528180592) तथा श्री वैभव पाण्डेय, आपदा विशेषज्ञ, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जनपद गाजियाबाद (मोबाइल: 8127652559)।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सूचना नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से जारी की गई है।










