रायबरेली के बछरावाँ में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत

रायबरेली | 20 अप्रैल 2026

रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई। यह घटना कनावा गांव के पास स्थित पावर हाउस के निकट करीब शाम 4 बजे हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बाइक सवार टकरा गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रचित सोनकर पुत्र सचिन सोनकर, निवासी गल्ला मंडी, रायबरेली के रूप में हुई है। वह मेडिकल क्षेत्र में एमआर के रूप में कार्यरत था और घटना के समय अपनी अपाचे बाइक से रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जब युवक कन्नावा गांव के पास पावर हाउस के सामने पहुंचा, उसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद संबंधित ट्रक चालक वाहन सहित मौके से चला गया, जिसकी जानकारी पुलिस द्वारा एकत्र की जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top