उत्तर प्रदेश में साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का खुलासा हुआ है। नोएडा साइबर क्राइम यूनिट और मेरठ ज़ोन की Cyber Commando Team की संयुक्त कार्रवाई में “Solar Spider” नामक साइबर नेटवर्क से जुड़े नाइजीरिया के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह सहकारी बैंकों की साइबर सुरक्षा से जुड़ी कमजोरियों का फायदा उठाकर बड़ी धनराशि को mule accounts में ट्रांसफर करता था और बाद में उसे cryptocurrency के माध्यम से विदेश भेजने की योजना बना रहा था। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि यह गिरोह लगभग ₹60 से ₹80 करोड़ तक की साइबर धोखाधड़ी की योजना बना रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 7 से 8 मार्च के सप्ताहांत के दौरान आरोपियों ने गुजरात के भावनगर स्थित एक सहकारी बैंक से लगभग ₹7 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले के सामने आने के बाद साइबर क्राइम इकाइयों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के संबंध नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका से जुड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क से भी पाए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित सहयोगियों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।











