अयोध्या रामनवमी मेले में चोरी करने वाला महिला गिरोह पकड़ा, मोबाइल व नकदी बरामद
अयोध्या में आयोजित रामनवमी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के बीच चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक महिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना कोतवाली अयोध्या पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, लेडीज हैंडबैग/पर्स तथा लगभग 17,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह गिरोह मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ करता था।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी महिलाएं बिहार की रहने वाली हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सक्रिय होकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं। पुलिस द्वारा इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले या किसी भी भीड़भाड़ वाले आयोजन में अपने सामान की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें।












