धोखाधड़ी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पीलीभीत पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना घुंघचाई पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त सवारी वाहनों में सफर के दौरान किराया देने के बहाने वाहन चालकों से उनका क्यूआर कोड ले लेता था। इसके बाद वह फर्जी PhonePe व Google Pay ऐप के माध्यम से किराये से अधिक राशि का फर्जी ट्रांजैक्शन दिखाकर चालकों से नकद रुपये ले लेता था।
इतना ही नहीं, अभियुक्त भुगतान में तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर चालकों से उनका मोबाइल फोन मांग लेता था। इस दौरान वह चालक का सिम कार्ड निकालकर अपने मोबाइल में डाल लेता और यूपीआई के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर कर लेता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त अपने गांव के लोगों के आधार कार्ड व बैंक विवरण लेकर लोन ऐप के जरिए उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कराता था और पूरी धनराशि स्वयं निकाल लेता था।
बरामद सामग्री
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 04 एटीएम कार्ड, 03 मोबाइल फोन, 03 आधार कार्ड, 02 चेकबुक, 01 टैबलेट, 01 ग्रीन रेमिट कार्ड, 01 पासबुक तथा ₹10,500 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।












