सीतापुर में चोरी की वारदातों में सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लागू
जनपद सीतापुर में चोरी और नकबजनी जैसे अपराधों में संलिप्त तीन आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर द्वारा कानून व्यवस्था को बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में की गई।
थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा जिन तीन आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनमें लुकमान पुत्र इस्माइल निवासी शाहमहेली, प्रशांत उर्फ डाकू पुत्र रामदास निवासी पीरपुर तथा दीनदयाल पुत्र पन्ने निवासी शाहमहेली, जनपद सीतापुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह के रूप में कार्य कर रहे थे।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उक्त गिरोह आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से चोरी, नकबजनी तथा अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देता था। गिरोह का संचालन मुख्य रूप से लुकमान द्वारा किया जा रहा था, जबकि अन्य सदस्य सहयोगी की भूमिका में सक्रिय थे।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार मुख्य आरोपी लुकमान के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात सीतापुर एवं अन्य थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धारा 380, 411, 457 भादवि तथा 303(2), 317(2) बीएनएस सहित आयुध अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त थाना ठाकुरगंज, लखनऊ में भी इसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज है।
अभियुक्त प्रशांत उर्फ डाकू पुत्र रामदास के विरुद्ध भी पूर्व में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धारा 308, 341, 504, 506 भादवि एवं SC/ST एक्ट की धाराएं शामिल हैं। साथ ही अपहरण एवं आयुध अधिनियम से संबंधित मामलों में भी इसका नाम सामने आया है।
तीसरे आरोपी दीनदयाल पुत्र पन्ने के विरुद्ध भी थाना कोतवाली देहात एवं थाना खैराबाद में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास पूर्व से दर्ज है और इनकी गतिविधियां संगठित अपराध की श्रेणी में आती हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति के संबंध में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। आवश्यक साक्ष्य मिलने पर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।












