विश्व भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका तथा ईरान के बीच सैन्य टकराव के बीच संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी प्रशासन ने यात्रा प्रतिबंधों में फंसे हजारों यात्रियों के लिए ठहराव और भोजन की व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
अबू धाबी के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग ने 28 फरवरी 2026 को होटल प्रबंधकों को एक आधिकारिक परिपत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि यात्रा प्रतिबंधों के कारण जिन्हें उड़ान नहीं मिल पा रही है, उनके ठहराव का खर्च विभाग वहन करेगा और होटलों को मेहमानों से कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लेना है। होटलों को संबंधित बिल विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोशल मीडिया और विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार अबू धाबी में यात्रा प्रतिबंधों के चलते तकरीबन 20,000 यात्रियों को अस्थायी रूप से होटलों में निःशुल्क ठहराया गया है तथा उन्हें भोजन की भी सुविधा प्रदान की जा रही है।
यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति का विकास हुआ है। पिछले दिनों अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े सैन्य हमले किए हैं, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए हैं और प्रत्यक्ष संघर्ष जारी है। इस संघर्ष में अमेरिका ने कई से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए हैं तथा ईरान की ओर से भी मिसाइलों और ड्रोन हमलों की सूचना मिली है। इस के चलते वैश्विक तेल बाजार और शक्ति संतुलन प्रभावित हो रहा है।













