यूपी होमगार्ड परीक्षा 2025 आज से शुरू, फर्जी पेपर वायरल करने वालों पर FIR दर्ज

भर्ती बोर्ड ने कहा – सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र पूरी तरह फर्जी, अभ्यर्थी रहें सावधान

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड की लिखित परीक्षा आज यानी 25 अप्रैल से शुरू है। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

परीक्षा शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर कथित प्रश्नपत्र वायरल होने की खबरें सामने आईं, जिससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई।

इस पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा प्रश्नपत्र पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है तथा इसका वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध नहीं है।

भर्ती बोर्ड के अनुसार, कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से फर्जी प्रश्नपत्र दिखाकर अभ्यर्थियों से धन उगाही और ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस मामले में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 221 और 292, आईटी एक्ट की धारा 66D तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या वायरल संदेशों के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि फर्जी सूचना फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


📢 शेयर करें:
WhatsApp Channel Follow
Scroll to Top