यू.पी. में शिक्षकों के ट्रांसफर पर हाईकोर्ट सख्त: डेटा जांच के बाद ही होगा पुनर्नियोजन, हर स्कूल में न्यूनतम 2 शिक्षक अनिवार्य
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में शिक्षकों के ट्रांसफर और पुनर्नियोजन प्रक्रिया को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं, जिससे हजारों शिक्षकों पर सीधा असर पड़ेगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसफर पूरी तरह डेटा-आधारित, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। बिना सत्यापित आंकड़ों के कोई भी प्रक्रिया मनमानी मानी जाएगी।
कोर्ट ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण मानक छात्र-शिक्षक अनुपात है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि 30 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार<हर स्कूल में कम से कम दो शिक्षक अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों। राज्य सरकार ने भी अदालत को बताया कि वह इसी दिशा में काम कर रही है।
इस मामले में शिक्षकों की सबसे बड़ी चिंता UDISE डेटा की विश्वसनीयता को लेकर सामने आई। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि सरकार जिस डेटा पर भरोसा कर रही है, वह पूरी तरह भरोसेमंद नहीं है। इस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि किसी भी ट्रांसफर से पहले फिजिकल वेरिफिकेशन (भौतिक सत्यापन) अनिवार्य होगा।
कोर्ट ने जिला स्तर पर एक कमेटी बनाकर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी स्कूलों के वास्तविक आंकड़ों—जैसे स्वीकृत पद, कार्यरत शिक्षक, विषयवार विवरण, जॉइनिंग डेट और और 30 अप्रैल 2026 की छात्र संख्या—का संयुक्त सत्यापन करेगी। यह सत्यापन संबंधित प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा।
इसके अलावा, जिन शिक्षकों को अधिशेष (surplus) माना जाएगा, उनका पुनर्नियोजन भी केवल प्रशासनिक जरूरत और छात्रों के हित में ही किया जाएगा। कोर्ट ने साफ कहा कि ट्रांसफर दंडात्मक, भेदभावपूर्ण या मनमाना नहीं होना चाहिए।
महिला शिक्षकों को लेकर भी राहत दी गई है। अदालत ने निर्देश दिया कि उनका पुनर्नियोजन पहले उसी ब्लॉक में करने की कोशिश की जाए, और अगर यह संभव न हो तो उनके निवास के नजदीक स्कूल को प्राथमिकता दी जाए।
कोर्ट ने यह भी व्यवस्था दी कि प्रस्तावित ट्रांसफर पर शिक्षक 13 मई 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद जिला समिति निर्णय लेगी। पूरी प्रक्रिया की जानकारी संबंधित जिलों की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
फिलहाल, अदालत ने कहा है कि जिन स्कूलों में पहले से दो शिक्षक मौजूद हैं, वहां से ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। इस मामले की अगली सुनवाई 22 मई 2026 को होगी।
यह फैसला शिक्षकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि अब ट्रांसफर प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।












