जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा बछरावां, रामनवमी पर निकली भव्य शोभा यात्रा
रामनवमी के पावन पर्व पर रायबरेली जिले के टाउन बछरावां में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।
शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। सुसज्जित रथों पर सवार कलाकारों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
यात्रा के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, डीजे और भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए और लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
घोड़ों और आकर्षक रथों के साथ निकली यात्रा ने पूरे आयोजन को और भव्य बना दिया।
शोभा यात्रा के दौरान एसडीएम महाराजगंज एवं पुलिस प्रशासन की विशेष मौजूदगी रही। अधिकारियों द्वारा पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है।







