UPPCL की बिलिंग सेवाएं 16 घंटे रहेंगी बंद, ऑनलाइन भुगतान सहित कई सुविधाएं प्रभावित
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने सूचित किया है कि बिलिंग प्रणाली (RFMS) में तकनीकी मेंटेनेंस और कॉन्फिगरेशन कार्य के कारण राज्यभर में ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। यह कार्य UPPCL के साथ जुड़े सभी डिस्कॉम—पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल और केस्को—के अंतर्गत किया जा रहा है।
जारी सूचना के अनुसार, सेवाएं 03 अप्रैल 2026 को रात 10 बजे से लेकर 04 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगी। इस अवधि में कुल लगभग 16 घंटे तक उपभोक्ताओं को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा।
इस दौरान ऑनलाइन बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज, बिल जनरेशन, भार वृद्धि जैसी सेवाएं बाधित रहेंगी। साथ ही, UPPCL का उपभोक्ता पोर्टल और मोबाइल ऐप भी अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेगा।
हालांकि, इस अवधि का प्रभाव केवल ऑनलाइन सेवाओं तक सीमित रहेगा और बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहने की जानकारी दी गई है।
किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।













