जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 30 अप्रैल को श्रीनगर-कटरा वंदे भारत ट्रेन को जम्मू तवी तक विस्तारित सेवा के रूप में हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। यह सेवा 2 मई 2026 से नियमित रूप से शुरू होगी, जिससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को एक ही हाई-स्पीड ट्रेन से सीधा सफर मिलेगा।
यह ट्रेन पहले श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक सीमित थी, लेकिन अब इसे जम्मू तवी रेलवे स्टेशन तक बढ़ा दिया गया है। इससे देश के अन्य हिस्सों से आने वाले यात्रियों को अब बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रेलवे के अनुसार, बढ़ती मांग और लगातार फुल चल रही सेवाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे खासकर यात्रा सीजन में वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा और यात्रियों को आसानी से सीट उपलब्ध होगी।
रेल मंत्री इस दौरान यूएसबीआरएल कॉरिडोर पर बने दो प्रमुख इंजीनियरिंग चमत्कार— अंजी ब्रिज और चेनाब ब्रिज का भी निरीक्षण किया।।
यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
अब जम्मू, कटरा और श्रीनगर के बीच यात्रा पूरी तरह निर्बाध हो गई है। पहले यात्रियों को कटरा में उतरकर दूसरी ट्रेन या सड़क परिवहन लेना पड़ता था, लेकिन अब यह समस्या समाप्त हो गई है।
स्थानीय स्तर पर यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्रों, मरीजों और सरकारी कर्मचारियों को अब रोज़मर्रा की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा फायदा
यह रेल सेवा पर्यटन को गति दे रही है। पर्यटक अब सीधे जम्मू से श्रीनगर तक यात्रा कर सकेंगे और रास्ते में हिमालयी सुरंगों, घाटियों और पुलों का अनुभव कर पाएंगे।
व्यापारिक दृष्टि से भी यह कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण है। कश्मीर के हस्तशिल्प—पश्मीना, केसर, कालीन—अब तेज़ी से बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे से बदलती कनेक्टिविटी
सर्दियों में बनेगी लाइफलाइन
जब भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो जाता है, तब यह रेल सेवा जीवन रेखा का काम करेगी। वंदे भारत ट्रेन -20°C तापमान में भी चलने के लिए डिजाइन की गई है, जिससे हर मौसम में यात्रा संभव होगी।
क्या है पूरा मामला?
रेलवे ने श्रीनगर-कटरा वंदे भारत ट्रेन को जम्मू तवी तक विस्तार देते हुए इसे 20 कोच के साथ शुरू कर दिया है।
किन लोगों पर असर पड़ेगा?
इस सेवा का सबसे ज्यादा लाभ तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, छात्रों, स्थानीय यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगा, जिन्हें अब बेहतर और तेज़ कनेक्टिविटी मिल रही है।










