गाजियाबाद: ऑनलाइन कक्षाओं का आदेश वापस, 28 मार्च को सभी स्कूलों में होंगी ऑफलाइन क्लासेस
गाजियाबाद जिला प्रशासन ने पूर्व में जारी ऑनलाइन कक्षाओं से संबंधित आदेश को संशोधित करते हुए नया निर्देश जारी किया है। जारी किए गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, पहले लागू किए गए ऑनलाइन व्यवस्था के निर्णय को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा यह निर्णय पहले एक विशेष आयोजन को ध्यान में रखते हुए लिया गया था, जिसमें जिओ एयरपोर्ट उद्घाटन के कारण कुछ क्षेत्रों में व्यवस्थाएं प्रभावित होने की संभावना जताई गई थी। इसी के तहत स्कूलों में अस्थायी रूप से ऑनलाइन कक्षाओं का निर्देश दिया गया था।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी संशोधित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अब 28 मार्च 2026 दिन शनिवार को जनपद के सभी विद्यालयों में कक्षाएं सामान्य रूप से हमेशा की तरह स्कूल में संचालित की जाएंगी। यह आदेश सभी प्रकार के विद्यालयों पर लागू होगा।
प्रशासन द्वारा पहले कुछ क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था के तहत ऑनलाइन कक्षाओं का निर्देश दिया गया था, जिसे बाद में पुनर्विचार के बाद वापस ले लिया गया। इस फैसले में बदलाव 24 घंटे के भीतर किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि इस सूचना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी विद्यालयों और अभिभावकों को समय रहते जानकारी मिल सके।
इस बीच, पूर्व आदेश को लेकर विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं, जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति का आकलन करते हुए नया निर्णय जारी किया है।







