UP Agri Junction Apply Online 2026 के तहत रायबरेली जिले में बेरोजगार कृषि स्नातकों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के अंतर्गत रायबरेली जिले में कुल 18 एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां किसानों को बीज, उर्वरक, कीटनाशक, जैव उत्पाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 15 मई 2026 से 30 मई 2026 तक शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उप कृषि निदेशक रायबरेली विनोद कुमार ने बताया कि कृषि विभाग की इस योजना का उद्देश्य किसानों को “वन स्टॉप शॉप” मॉडल के माध्यम से कृषि से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत चयनित कृषि उद्यमी किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक, कीटनाशक, जैन कीटनाशक, जैव उर्वरक, माइक्रोन्यूट्रिएंट्स, जिप्सम, वर्मी कम्पोस्ट और आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार की किसानों को आधुनिक कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना के तहत प्रदेशभर में कुल 827 नए एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाने हैं। इसी क्रम में रायबरेली जिले को भी शामिल किया गया है, जहां चयनित कृषि स्नातकों के माध्यम से कृषि सेवा केंद्र संचालित किए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट UP Agri Junction Apply Online पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन के लिए पात्रता क्या है?
योजना के तहत वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जो कृषि या सहबद्ध विषयों में स्नातक हों। इसमें कृषि, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, उद्यान, दुग्ध, पशुपालन, वानिकी, पशु चिकित्सा, मुर्गी पालन तथा अन्य कृषि आधारित विषय शामिल हैं। अभ्यर्थी की डिग्री आईसीएआर या यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से होनी चाहिए।
आवेदक की अधिकतम आयु 15 मई 2026 तक 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम 5 वर्ष की आयु छूट प्रदान की जाएगी। विभाग के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों में जिनकी जन्मतिथि पहले होगी उन्हें चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन के साथ कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे?
आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और कृषि स्नातक की अंकतालिका एवं प्रमाणपत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेज स्वप्रमाणित होने चाहिए।
रायबरेली में कहां-कहां स्थापित होंगे एग्रीजंक्शन केंद्र?
कृषि विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिले में कुल 18 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र दोनों को शामिल किया गया है।
शहरी क्षेत्र के लिए कुल 5 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें महराजगंज, राही, शिवगढ़, लालगंज और नसीराबाद में एक-एक एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किया जाएगा।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के लिए कुल 13 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें विकास खंड अमावां, हरचंदपुर, सतांव, बछरावां, डलमऊ, दीनशाहगौरा, सरेनी, खीरो, सलोन, डीह, रोहनिया, ऊंचाहार और जगतपुर शामिल हैं, जहां एक-एक एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विकास खंड में आवेदन प्राप्त नहीं होते हैं तो अन्य विकास खंडों में उपलब्ध आवेदनों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: रायबरेली के प्राथमिक विद्यालय दौतरा में मातृ दिवस समारोह, माताओं को मिला ‘मातृ गौरव सम्मान’
क्या है एग्रीजंक्शन योजना?
एग्रीजंक्शन योजना का उद्देश्य कृषि स्नातकों को स्वरोजगार से जोड़ना और किसानों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक कृषि सेवाएं उपलब्ध कराना है। चयनित कृषि उद्यमी अपने क्षेत्र में कृषि सेवा केंद्र संचालित करेंगे, जहां किसानों को कृषि निवेश सामग्री और तकनीकी सलाह एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
किन लोगों को मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ मुख्य रूप से बेरोजगार कृषि स्नातकों और किसानों को मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
आवेदन की अंतिम तिथि क्या है?
इच्छुक अभ्यर्थी 30 मई 2026 शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।














